डेली मन्ना
4
3
24
आत्मिक दरवाज़े बंद करना
Monday, 16th of November 2026
Categories :
मानसिक स्वास्थ्य
“और शैतान को अवसर मत दो।” (इफिसियों 4:27)
हम अपने मन और भावनाओं में जिन कई लड़ाइयों का सामना करते हैं—चाहे वह निराशा हो, चिंता हो या क्रोध—वे केवल शारीरिक या मानसिक नहीं होतीं। कई बार इनका कारण वे आत्मिक द्वार होते हैं, जिन्हें हमने अनजाने में खुला छोड़ दिया होता है। इन खुले द्वारों के द्वारा शत्रु हमारे जीवन के कुछ क्षेत्रों में प्रवेश करने का अवसर पाता है, जहाँ वह डर, संदेह और उलझन के बीज बोता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि पश्चाताप की सामर्थ और परमेश्वर के अनुग्रह के द्वारा इन द्वारों को बंद किया जा सकता है और जीवन में फिर से शांति लाई जा सकती है।
कभी-कभी हम जिन पापों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं या जिन्हें बहुत छोटी बात समझते हैं, वही आगे चलकर बड़ी समस्याओं का कारण बन जाते हैं।
इनमें गलत और नुकसान पहुँचाने वाले रिश्तों में रहना, नशीले पदार्थों का सेवन करना, दूसरों को माफ न करना, गुस्सा और कड़वाहट मन में बनाए रखना जैसी बातें शामिल हो सकती हैं।
शुरुआत में ये बातें भले ही छोटी लगें, लेकिन समय के साथ ये आत्मिक द्वार बन जाती हैं, जिनसे बड़ी समस्याएँ पैदा हो सकती हैं, जैसे निराशा, चिंता और जीवन में आशा खत्म हो जाने की भावना।
पाप से अपने जीवन की रक्षा करें
इफिसियों 4:27 में पौलुस हमें चेतावनी देते हैं कि “शैतान को अवसर मत दो।” इसका मतलब है कि हमें अपने जीवन की रक्षा करनी चाहिए, ताकि कोई भी पाप—चाहे वह कितना ही छोटा क्यों न लगे—हमारे जीवन पर अपनी पकड़ न बना सके।
पाप दरवाज़े की एक छोटी-सी दरार की तरह है। एक बार दरवाज़ा खुल जाए, तो शत्रु को हमारे जीवन में प्रवेश करने और तबाही मचाने के लिए बस एक छोटा-सा अवसर ही काफी होता है। जो समस्या शुरुआत में छोटी होती है और जिस पर हम ध्यान नहीं देते, वही आगे चलकर एक बहुत बड़ा संघर्ष बन सकती है।
जिस गुस्से को हम समय रहते दूर नहीं करते, वह धीरे-धीरे मन में कड़वाहट बन जाता है। दूसरों को माफ न करने से हमारा हृदय कठोर हो सकता है और हमारी शांति छिन सकती है।
जब हम अपने जीवन के छोटे-छोटे मामलों में भी समझौता करते हैं, जैसे गलत कामों में शामिल होना या नकारात्मक विचारों को मन में जगह देना, तो इससे शत्रु को हमारे मानसिक और भावनात्मक जीवन पर हमला करने का अवसर मिल सकता है।
बाइबल स्पष्ट रूप से बताती है कि पाप हमें परमेश्वर से दूर करता है। और जब हम उससे दूर हो जाते हैं, तो हमारे जीवन में बेचैनी, उलझन और पीड़ा आने लगती है। लेकिन हमारे पास आशा है।
1 यूहन्ना 1:9 हमें यह प्रतिज्ञा देता है: “यदि हम अपने पापों को मान लें, तो वह हमारे पापों को क्षमा करने और हमें सब अधर्म से शुद्ध करने में विश्वासयोग्य और धर्मी है।”
पश्चाताप करना इन आत्मिक द्वारों को बंद करने की कुंजी है। पश्चाताप नम्रता का एक ऐसा कदम है, जिसमें हम परमेश्वर के सामने अपनी गलतियों को स्वीकार करते हैं, उससे क्षमा माँगते हैं और उन सभी बातों से दूर हो जाते हैं, जो उसकी इच्छा के अनुसार नहीं हैं।
सच्चा पश्चाताप नया जीवन और बहाली लाता है
लेकिन पश्चाताप का मतलब सिर्फ “मुझे माफ कर दो” कहना नहीं है। इसका मतलब है सच्चे दिल से पापों से मुँह मोड़ना और परमेश्वर के सत्य के अनुसार जीवन जीने का फैसला करना।
जब हम पश्चाताप करते हैं, तो हम न केवल उन आत्मिक द्वारों को बंद करते हैं, जिन्हें हमने शत्रु के लिए खोल रखा था, बल्कि अपने जीवन में परमेश्वर की उपस्थिति, उसकी शांति और उसके चंगाई के कार्य को भी आमंत्रित करते हैं।
जब पवित्र आत्मा हमें हमारी गलतियों का एहसास कराता है, तो उसका उद्देश्य हमेशा हमें सुधारना और बहाल करना होता है, न कि हमें दोषी ठहराना।
शत्रु हमें यह महसूस कराने की कोशिश कर सकता है कि हम परमेश्वर के प्रेम और क्षमा के योग्य नहीं हैं और हमने बहुत बड़ी गलती कर दी है। लेकिन परमेश्वर का अनुग्रह हमें शुद्ध करने और हमारे मन को नया करने के लिए पर्याप्त है।
पश्चाताप की सामर्थ के द्वारा शत्रु के मजबूत गढ़ टूट जाते हैं और हम फिर से परमेश्वर के साथ शांति और गहरे संबंध में बहाल हो जाते हैं।
आज कुछ समय निकालकर अपने जीवन के बारे में सोचें। क्या आपके जीवन में ऐसे कोई क्षेत्र हैं, जहाँ आपने आत्मिक द्वार खुले छोड़ दिए हैं? हो सकता है कि आप किसी को क्षमा न कर पा रहे हों, अपने मन में कड़वाहट बढ़ने दे रहे हों, या ऐसे कामों में शामिल हों जो परमेश्वर की इच्छा के अनुसार नहीं हैं। पवित्र आत्मा से प्रार्थना करें कि वह आपको ऐसे किसी भी द्वार को दिखाए, जिसे बंद करने की ज़रूरत है।
यदि आपको एहसास होता है कि आपने पाप के द्वारा आत्मिक द्वार खोल दिए हैं, तो पश्चातापी मन से परमेश्वर के सामने आने से न डरें। अपने पापों को स्वीकार करें, उनसे क्षमा माँगें और प्रार्थना करें कि वे उन द्वारों को बंद करें और आपके मन और हृदय में फिर से शांति बहाल करें। परमेश्वर हमेशा खुली बाँहों से हमारा स्वागत करने और हमारी आत्मा को नया करने के लिए तैयार रहते हैं।
अगले एक सप्ताह तक, अपने लिए आत्म-चिंतन और प्रार्थना करने का समय निकालें। परमेश्वर से प्रार्थना करें कि वे आपके जीवन के उन क्षेत्रों को प्रकट करें, जहाँ आपने शत्रु को पैर जमाने का अवसर दिया है। उन बातों को लिख लें और हर दिन विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए प्रार्थना करें। परमेश्वर से क्षमा और उनकी इच्छा के अनुसार चलने की सामर्थ माँगें। प्रार्थना करते समय विश्वास रखें कि परमेश्वर उन आत्मिक द्वारों को बंद कर रहे हैं और आपको अपनी शांति से भर रहे हैं।
Bible Reading: John 20-21, Acts 1
प्रार्थना
पिता, मैं पश्चाताप भरे हृदय के साथ आपके समक्ष आता हूं। मैं उन दरवाज़ों को स्वीकार करता हूं जो मैंने अपने कार्यों और व्यवहारों के माध्यम से खोले हैं, जिनके कारण शत्रु मेरे जीवन में प्रवेश कर पाया है। मैं आपसे क्षमा मांगता हूं, प्रभु। मेरे द्वारा खोले गए हर दरवाज़े को बंद कर दें, और मुझे ऐसी हर चीज़ से शुद्ध करें जो आपकी इच्छा के अनुरूप नहीं है। मुझे अपनी शांति से भर दें, और मुझे आपके मार्गों पर चलने में मदद कर। यीशु के नाम में, आमीन।
Join our WhatsApp Channel
Most Read
● मध्यस्थीयों के लिए एक भविष्यवाणी संदेश● धन्यवाद का बलिदान
● लोग बहाने बनाने के कारण – भाग १
● परमेश्वर का अत्यंत चरित्र
● दिन ०२: ४० दिन का उपवास और प्रार्थना
● विश्वास: प्रभु को प्रसन्न करने का एक निश्चित मार्ग
● विश्वास:प्रभु को प्रसन्न करने का निश्चित मार्ग
टिप्पणियाँ
